आज प्रयागराज आएंगे, राज्य की 2.5 लाख महिलाओं के अकाउंट में 1,000 करोड़ रु. ट्रांसफर करेंगे

प्रयागराज में मंगलवार को PM नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। वे यहां परेड ग्राउंड में मातृ शक्ति के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के 75 जिलों से आ रहीं 2.5 लाख महिला लाभार्थियों को संबोधित करेंगे। PM इन महिला लाभार्थियों के खाते में 1 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। ये रुपए एक साथ महिला लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर होंगे। पिछले 15 दिनों में मोदी का यह 5वां दौरा है।
इसके अलावा, 1,01,000 बेटियों के लिए कन्या सुमंगला योजना की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी। प्रदेश में 202 सप्लीमेंट्री न्यूट्रिशन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भी PM प्रयागराज से ही शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सभा को देखते हुए शहरी क्षेत्र के सभी स्कूलों को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
दोपहर 12.45 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे मोदी
PM मोदी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दोपहर 12:45 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इसके बाद वह बमरौली हवाई अड्डे से परेड ग्राउंड में बने हेलीपैड पर आएंगे। इसके बाद सेना के हेलिकॉप्टर से परेड ग्राउंड 1.10 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद एक प्रदर्शनी का लोकार्पण करेंगे। मंच पर पहुंचने के बाद उनका स्वागत होगा।