मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला कांग्रेस में शामिल; बठिंडा और मानसा में दिखाई दिलचस्पी

- सिद्धू मूसेवाला की अच्छी फैन फॉलोइंग है, जिसे भुनाने के लिए ट्रांसपोर्ट मंत्री राजा वड़िंग के जरिए मूसेवाला को कांग्रेस में लाया गया है। मूसेवाला ने बठिंडा और मानसा में कांग्रेस की चुनावी राजनीति में सक्रिय होने की दिलचस्पी दिखाई है।
पंजाब के विवादित सिंगर शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला पंजाब कांग्रेस में शामिल हो गए है। शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में CM चरणजीत चन्नी, प्रधान नवजोत सिद्धू और मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने उन्हें पार्टी का हिस्सा बनाया।
अभी तक संगठन और सरकार के झगड़े में फंसी कांग्रेस अब एक्शन में नजर आ रही है। सीएम चन्नी लगातार दूसरे दिन कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने अपनी 70 दिन की सरकार का रिपोर्ट कार्ड दिया था। वह लगातार चुनावी रैलियां कर रहे हैं। वहीं पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू भी लगातार रैलियां कर कांग्रेस के लिए वोट मांग रहे हैं।
राहुल गांधी से मीटिंग के बाद चुनावी मूड में कांग्रेस
राहुल गांधी ने दो दिन पहले दिल्ली में सीएम चरणजीत चन्नी और नवजोत सिद्धू से मीटिंग की थी। पहले कांग्रेस किसान आंदोलन पर दांव खेलने की फिराक में थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अचानक कृषि कानून वापस ले लिए। इसके बाद आंदोलन खत्म होने की संभावना जताई जा रही है। अब कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने और वर्करों को लामबंद करने के लिए सियासी दांव खेलने शुरू कर दिए हैं।